राज्य
13-Jun-2026
...


भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को महापौर श्रीमती मालती राय ने कराया नगर निगम भोपाल के नवीन मुख्यालय ‘‘अटल भवन’’ का अवलोकन केन्द्रीय मंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं स्वसहायता समूह की बहनों से किया संवाद भोपाल(ईएमएस)। भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा है कि नगर निगम, भोपाल का नवीन मुख्यालय अटल भवन अपनी विभिन्न तकनीकी खूबियों के कारण आधुनिक भारत का प्रत्यक्ष साक्षी है और यहां से स्वच्छता एवं जनसुविधा व विकास योजनाओं को संचालित कर भोपाल को और अधिक सुंदर बनाया जा सकता है। श्री प्रधान ने यह विचार नगर निगम, भोपाल के नवीन मुख्यालय ‘‘अटल भवन’’ का महापौर श्रीमती मालती राय एवं निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन द्वारा कराये गये अवलोकन के दौरान व्यक्त किये। इस दौरान श्री प्रधान ने नवीन भवन के विभिन्न स्थानों एवं नगर जनसुविधा केन्द्र का अवलोकन किया और ग्रीन बिल्डिंग कान्सेप्ट पर बनें इस भवन की सराहना भी की। इस मौके पर सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के अलावा महापौर परिषद के सदस्यगण, जोन अध्यक्षगण, पार्षदगण तथा स्वसहायता समूह की बहनें व निगम अधिकारी मौजूद थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसंपर्क अभियान के तहत भोपाल प्रवास पर आये भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को शनिवार को महापौर श्रीमती मालती राय ने नगर निगम, भोपाल के नवीन मुख्यालय ‘‘अटल भवन’’ का अवलोकन कराया। इससे पहले अटल भवन पहुंचने पर महापौर श्रीमती मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने प्रधान का आत्मीय स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने अटल भवन एवं यहां जनसुविधा हेतु संचालित नगर जनसेवा केन्द्र का अवलोकन भी किया और यहां की कार्य पद्धति के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की। प्रधान ने जनप्रतिनिधियों, स्वसहायता समूह की बहनों एवं निगम अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए कहा कि नगर निगम, भोपाल ने ग्रीन बिल्डिंग कान्सेप्ट पर अपना मुख्यालय भवन बनाया है वह इंवायरमेंटल फ्रेंडली, सस्टेनेबल फ्रेंडली भवन है और यहां बिजली की भी कम खपत होगी और एयरकंडीशन का भार भी कम पड़ेगा। श्री प्रधान ने अटल भवन में लगाये गये नेशनल वाटर कूलर की सराहना की और कहा कि नगर निगम के जनप्रतिनिधि आधुनिक युग में नवीन तकनीक का उपयोग कर बेहतर जनसुविधा के कार्य करें और भोपाल को स्वच्छता में नंबर 01 बनाये। केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि भोपाल की निश्चित रूप से अत्यंत सुंदर और स्वच्छ शहर है साथ ही यहां के नागरिकों में पाजीटिव एनर्जी भी है निश्चित ही भोपाल दुनिया के सुंदर शहरों में शामिल होगा। केन्द्रीय मंत्री प्रधान ने शनिवार को प्रातः स्वसहायता समूह की सदस्यों से आत्मनिर्भर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत हुई भेंट एवं चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि भोपाल में स्वसहायता समूह की बहनों में कौशल की कमी नहीं है और इनके द्वारा बनाये गये उत्पाद भी बहुत अच्छे हैं, इनकी व्यवस्थित मार्केटिंग की जाकर इन्हें प्रदेश, देश और विश्व स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है। श्री प्रधान ने महापौर श्रीमती मालती राय एवं निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन द्वारा स्वसहायता समूहों को प्रोत्साहित करने हेतु किये जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महापौर एवं निगम आयुक्त स्वसहायता समूह की बहनों की मदद करें और इग्नू के अधिकारियों से समन्वय कर इन्हें शिक्षा व आधुनिक तकनीक का ज्ञान उपलब्ध करायें। श्री प्रधान ने कहा कि मुझे आशा है कि इन बहनों में से कई बहनें लखपति-करोड़पति भी बन सकती हैं और भोपाल महिला आधारित उत्पादों का केन्द्र भी बन सकता है। इससे पहले महापौर श्रीमती मालती राय ने नगर निगम, भोपाल में भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार के सहयोग से संचालित अमृत योजना के तहत सीवेज एवं जलप्रदाय संबंधी कार्यों सहित अन्य विकास एवं जनसुविधा के कार्यों, बजट, पार्षदगण को आवंटित वार्ड नियोजन निधि, शहर में संचालित स्वच्छता की गतिविधियां, स्वच्छ सर्वेक्षण में रैकिंग, निगम में महिला एवं पुरूष पार्षदों की संख्या तथा अधिकारी, कर्मचारियों से संबंधी जानकारी से केन्द्रीय मंत्री श्री प्रधान को अवगत कराया। इस मौके पर महापौर श्रीमती राय ने केन्द्रीय मंत्री श्री प्रधान का अंगवस्त्रम् एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान भी किया। हरि प्रसाद पाल /13 जून, 2026