मनोरंजन
14-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर की बड़ी बेटी सोनम कपूर आज भले ही देश की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में शुमार होती हों, लेकिन उनका शुरुआती सफर चुनौतियों से भरा रहा है। सोनम के फिल्मी परिवार में जन्म लेने के बावजूद, उनके जीवन में एक ऐसा दौर भी आया जब उन्हें अपने खर्चों के लिए एक रेस्टोरेंट में छोटी-सी नौकरी करनी पड़ी, और वह भी ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाई। सोनम कपूर का जन्म 9 जून 1985 को मुंबई के चेंबूर में हुआ था। वह अभिनेता अनिल कपूर और पूर्व मॉडल सुनीता कपूर की बड़ी बेटी हैं। हालांकि, उनका सपना शुरू से अभिनय में आने का नहीं था; उन्हें लेखन और निर्देशन में अधिक रुचि थी। अपनी पढ़ाई के दौरान, जब वह सिंगापुर में थीं, उन्होंने अपने जेब खर्च के लिए एक रेस्टोरेंट में वेट्रेस के रूप में काम किया। यह अनुभव हालांकि बहुत कम समय का रहा, और कुछ ही दिनों बाद उन्हें उस नौकरी से हटा दिया गया। सोनम ने खुद कई इंटरव्यू में इस शुरुआती संघर्ष के बारे में खुलकर बात की है। अभिनय जगत में कदम रखने से पहले, सोनम को अपने बढ़ते वजन से भी जूझना पड़ा था। एक समय उनका वजन लगभग 90 किलो तक पहुंच गया था, और उन्हें पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम जैसी हार्मोनल समस्याओं का भी सामना करना पड़ा। लेकिन उनकी जिंदगी में बड़ा मोड़ तब आया, जब उन्होंने निर्देशक संजय लीला भंसाली के साथ उनकी फिल्म ब्लैक में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। भंसाली ने ही उन्हें अभिनय में आने के लिए प्रेरित किया और वजन कम करने की सलाह दी। सोनम ने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ लगभग 35 किलो वजन कम किया और खुद को अभिनय के लिए तैयार किया। साल 2007 में, सोनम कपूर ने संजय लीला भंसाली की फिल्म सांवरिया से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसी फिल्म से रणबीर कपूर ने भी अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन सोनम को नई पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने दिल्ली-6, आई हेट लव स्टोरीज, आयशा, मौसम और प्लेयर्स जैसी कई फिल्मों में काम किया। शुरुआती सालों में उन्हें कुछ असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और प्रयासों में कमी नहीं आने दी। सोनम के करियर में साल 2013 एक महत्वपूर्ण साल साबित हुआ, जब उनकी फिल्म रांझणा रिलीज हुई। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने खूब सराहा। इसके बाद भाग मिल्खा भाग, खूबसूरत, प्रेम रतन धन पायो, पैडमैन, वीरे दी वेडिंग और संजू जैसी सफल फिल्मों ने उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। हालांकि, उनके करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में नीरजा को प्रमुख माना जाता है। एयर होस्टेस नीरजा भनोट के वास्तविक जीवन पर आधारित इस फिल्म में सोनम के अभिनय की दर्शकों और समीक्षकों ने जमकर प्रशंसा की। नीरजा के लिए सोनम कपूर को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में स्पेशल मेंशन सम्मान मिला, जो उनके अभिनय कौशल की बड़ी पहचान थी। इसके अतिरिक्त, उन्हें फिल्मफेयर क्रिटिक्स बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। अभिनय के साथ-साथ, सोनम ने फैशन की दुनिया में भी अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई है, और उन्हें बॉलीवुड की फैशनिस्टा के रूप में जाना जाता है। साल 2018 में सोनम कपूर ने उद्योगपति आनंद आहूजा से शादी की। सुदामा/ईएमएस 14 जून 2026