गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में मामूली रकम के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। महज 500 रुपये के लेन-देन को लेकर एक युवक ने अपने ही मित्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट में कई वार लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार कैंट थाने के सामने रहने वाला 20 वर्षीय सौम्य करोसिया अपने परिचित भूरा रघुवंशी के संपर्क में था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कुछ समय से 500 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार रात करीब 9:30 बजे भूरा ने सौम्य को फोन कर कैंट क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम के पास बुलाया। वहां दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में तीखी बहस होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख सौम्य ने अपने परिजनों को भी मौके पर बुला लिया। इसी दौरान आरोपी का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उसने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और सौम्य पर हमला कर दिया। आरोपी ने युवक के पेट में एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने देर रात आरोपी भूरा रघुवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा उसके खिलाफ जानलेवा हमले सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। - सीताराम नाटानी