नई दिल्ली (ईएमएस)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप जल्द ही ऐसा फीचर पेश कर सकता है, जिसकी मदद से भेजे गए टेक्स्ट मैसेज केवल एक बार ही पढ़े जा सकेंगे। कंपनी को उम्मीद है कि प्राइवेसी को बढावा देने वाला यह फीचर यूजर्स को काफी पसंद आएगा। इस फीचर की खूबी है कि प्राप्तकर्ता द्वारा मैसेज खोलते ही वह अपने आप गायब हो जाएगा और उसे दोबारा नहीं देखा जा सकेगा। वॉट्सऐप से जुड़ी जानकारियां साझा करने वाली वेबसाइट डब्ल्यूएबीटाइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर एंड्रॉयड के लिए वॉट्सऐप बीटा संस्करण 2.26.22.7 के विकास चरण में देखा गया है। हालांकि अभी यह सुविधा बीटा टेस्टर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं है और कंपनी इसकी टेस्टिंग एवं डेवलपमेंट पर काम कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, यूजर मैसेज टाइप करने के बाद सेंड बटन को कुछ देर तक दबाकर अतिरिक्त विकल्प देख सकेंगे। यहां उन्हें “सेंड ऐज व्यू वन्स” नाम का नया विकल्प मिल सकता है। यदि इस विकल्प का चयन किया जाता है, तो सामने वाला व्यक्ति उस टेक्स्ट मैसेज को केवल एक बार ही पढ़ पाएगा। मैसेज खुलते ही वह चैट से स्वतः हट जाएगा और बाद में उसे एक्सेस नहीं किया जा सकेगा। गौरतलब है कि वॉट्सऐप पहले से ही फोटो, वीडियो और वॉइस मैसेज के लिए “व्यू वन्स” फीचर उपलब्ध कराता है। इस सुविधा के तहत भेजी गई मीडिया फाइलें एक बार देखने या सुनने के बाद दोबारा नहीं खोली जा सकतीं। इसके अलावा ऐसे फोटो और वीडियो को सेव, फॉरवर्ड या एक्सपोर्ट करने की अनुमति भी नहीं होती। कई मामलों में वॉट्सऐप स्क्रीनशॉट और स्क्रीन रिकॉर्डिंग को भी प्रतिबंधित कर देता है, जिससे निजी जानकारी की सुरक्षा बढ़ जाती है। यदि यही सुविधा टेक्स्ट मैसेज के लिए भी लागू होती है, तो यूजर्स पासवर्ड, ओटीपी, बैंकिंग विवरण, सत्यापन कोड और अन्य संवेदनशील जानकारियां पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित तरीके से साझा कर सकेंगे। इससे निजी संवाद और गोपनीय सूचनाओं की सुरक्षा को नई मजबूती मिल सकती है। इसके साथ ही खबरें हैं कि वॉट्सऐप “स्पॉइलर मैसेज” नामक एक अन्य फीचर पर भी काम कर रहा है। इस फीचर में मैसेज का कुछ हिस्सा धुंधला दिखाई देगा और उसे पढ़ने के लिए प्राप्तकर्ता को उस पर टैप करना होगा। यह सुविधा भी निजी और संवेदनशील जानकारी साझा करने के दौरान उपयोगी साबित हो सकती है। हालांकि कंपनी ने अभी इन दोनों फीचर्स की लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। सुदामा/ईएमएस 15 जून 2026