राष्ट्रीय
15-Jun-2026
...


भारतीय मूल के लोगों और कई सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रमों में लेंगे भाग नई दिल्ली,(ईएमएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के चीफ मोहन भागवत अगले दो महीनों के अंदर अमेरिका और ब्रिटेन की यात्रा पर जा सकते हैं। इस दौरान वह भारतीय मूल के लोगों और कई सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यह दौरा संघ के शताब्दी वर्ष के जश्न और वैश्विक स्तर पर संगठन के विस्तार का हिस्सा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भागवत की यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कुछ कार्यक्रमों का आयोजन हिंदू स्वयंसेवक संघ (एचएसएस) द्वारा भी किया जाएगा, जो आरएसएस इंटरनेशनल विस्तार है। रिपोर्ट के मुताबिक आरएसएस इस समय अपने 100वें वर्ष के कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। संगठन देश और विदेश में भारतीय समुदाय के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इस कड़ी में मोहन भागवत का अमेरिका और ब्रिटेन दौरा अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती स्तर पर न्यूयॉर्क में कार्यक्रम की भी योजना बनाई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि भागवत वहां भारतीय समुदाय को संबोधित कर सकते हैं। हालांकि कार्यक्रमों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। बता दें मोहन भागवत इससे पहले वर्ष 2016 में ब्रिटेन गए थे। उस दौरान उन्होंने हिंदू स्वयंसेवक संघ के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। एचएसएस विदेशों में भारतीय संस्कृति, योग, सेवा कार्यों और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने का काम करता है। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब इंटरनेशनल स्तर पर कई भू-राजनीतिक चुनौतियां बनी हुई हैं। भारतीय प्रवासी समुदाय के बीच भारत और भारतीय संस्कृति को लेकर संवाद बढ़ाने को भी इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य माना जा रहा है। सिराज/ईएमएस 15जून26