व्यापार
15-Jun-2026
...


सेंसेक्स 736, निफ्टी 231 अंक उछला मुंबई (ईएमएस) । भारतीय शेयर बाजार सोमवार को तेजी के साथ बंद हुआ। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में ये उछाल दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीदारी हावी रहने से आया है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने से भी बाजार को बल मिला है। इसी कारण दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स अंत में 736.38 अंक बढ़कर 76,264.33 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 231 अंक उछलकर 23,853.90 पर बंद हुआ। बाजार में आज चौतरफा खरीदारी हावी रही। लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 781.55 अंक तकरीबन 1.29 फीसदी बढ़कर 61,549.65 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 202.55 अंक की बढ़त के साथ ही 18,400 पर बंद हुआ। सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स के शेयर शीर्ष पर रहे जबकि निफ्टी ऑटो, निफ्टी मेटल, निफ्टी कंजप्शन, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी इंडिया डिफेंस और निफ्टी इन्फ्रा के शेयर बढ़त पर बंद हुए। वहीं दूसरी ओर निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी मीडिया के शेयरों में गिरावट रही। सेंसेक्स के शेयरों की बात करें तो बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, एमएंडएम, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, टाइटन, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, आईटीसी के शेयर लाभ में थे। वहीं एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, एचयूएल, सन फार्मा, टेक महिंद्रा के शेयर गिरे हैं। आज कारोबार के दौरान कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है और यह 85 डॉलर प्रति के नीचे आ गई है। वहीं इससे पहले आज सुबह बाजार में तेजी रही। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 1,100 अंकों से अधिक की छलांग लगाकर अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था जबकि निफ्टी भी 24,000 के बेहद करीब कारोबार कर रहा था। इस बंपर तेजी का मुख्य कारण अमेरिका और ईरान के बीच हुए एक शुरुआती समझौते को माना जा रहा है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति में रुकावट की आशंका कम हो गई है। ईएमएस 15जून 2026