गौतमबुद्ध नगर (ईएमएस)। यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले के औद्योगिक क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कस्बे में 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान सौरभ पुत्र गजेंद्र सिंह निवासी मेरठ के रूप में हुई है। कुछ दिन पहले ही उसकी पत्नी ने नॉलेज पार्क क्षेत्र में हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि युवक ने नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस की हिरासत से भागने के बाद घर पहुंचकर आत्महत्या की है। मगर पुलिस ने इसका खंडन किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना सोमवार सुबह करीब 10ः30 बजे की है। पीआरवी पर तैनात कांस्टेबल संदीप कुमार को सूचना मिली कि प्रेम कुंज गुरुद्वारा वाली गली में मकान के कमरे में किराए पर रहने वाले युवक ने फंदा लगा लिया है। सूचना पर उपनिरीक्षक मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक सौरभ मूल रूप से बाफर, थाना जानी, मेरठ का रहने वाला था। वह यहां सूरजपुर कस्बे में दीपक के मकान में किराए पर रह रहा था। युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में सौरभ की पत्नी ने हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। पत्नी की मौत के बाद से सौरभ मानसिक तनाव में था। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जितेन्द्र 15 जून 2026