वाराणसी (ईएमएस)। राजघाट पुल के एक्सपेंशन जॉइंट की मरम्मत रविवार को नहीं शुरू हो सकी। पीडब्ल्यू.डी.के अधिकारियों के मुताबिक रेलवे की ओर से ब्लॉक संबंधी कुछ दिक्कत बताए जाने पर काम नहीं शुरू कराया जा सका। अब सोमवार की रात से कार्य शुरू होने की उम्मीद है। पिछले वर्ष 24 दिसंबर को राजघाट पुल के एक्सपेंशन जॉइंट की मरम्मत शुरू हुई। पड़ाव साइड में चार जॉइंट की मरम्मत हो पाई थी, लेकिन रेलवे में पटरियों, ओ एच ई और ट्रेनों से जुड़ी सुरक्षा का हवाला देकर 2 दिन बाद काम रुकवा दिया। अब फिर काम शुरू करने के लिए 16 जून से 13 अगस्त 10:00 बजे से सुबह 6:30 तक पुल पर वाहनों का आवामन प्रतिबंधित कर दिया गया। रेलवे ने भी प्रतिदिन 2 घंटे का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक दे दिया, बावजूद इसके रविवार को कार्य नहीं शुरू हो पाया। पी डब्लू डी ( प्रांतीय खंड ) के अधिशासी अभियंता ने बताया कि कुछ कारणों से काम शुरू नहीं हो पाया है। इसे जल्द शुरू कराया जाएगा। उधर एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि पीडब्ल्यूडी जब काम शुरू करेगा तो उनकी मांग पर वहां पर प्रतिबंध और डायवर्सन कर दिया जाएगा। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक काशी स्टेशन पर ईयर कांकोर्स पहले से लाइन संख्या 3 और 4 पर ब्लॉक चल रहा है। इस से ट्रेनों की सुगम परिचालन के लिए लाइन संख्या 1 और 2 के बीच ओवरहेड इक्विपमेंट वायर में 15 और 16 जून को आइसोलेटर लगाए जाएंगे । इसके बाद 16 जून की रात से काम शुरू हो पाएगा। वाराणसी का यह ब्रिज वाराणसी - हावड़ा रूट को कनेक्ट करता है, इसलिए रेलवे आवागमन की दृष्टि से इसका अत्यधिक महत्व है। यह ब्रिज बिहार और पश्चिम बंगाल को जोड़ता है।यह ब्रिज अपने उम्र का लगभग 100 वर्ष पुरा कर चूका है। ब्रिटिश काल में निर्मित इस ब्रिज का नाम डफरीन ब्रिज था, बाद में इसे मालवीय ब्रिज और अब राजघाट पुल कहा जाता है। डॉ नरसिंह राम/ईएमएस/15/06/2026