क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


- पद्मश्री असलम साबरी बोले- संगीत की तालीम लेने वाले बच्चों की हरसंभव करेंगे मदद इंदौर (ईएमएस)। इंदौर प्रेस क्लब द्वारा बच्चों के लिए नि:शुल्क गिटार प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को आत्मीय शुभारंभ हुआ। इस विशेष अवसर पर देश के ख्यात कव्वाल और सूफी गायक पद्मश्री असलम साबरी बच्चों को आशीर्वाद देने विशेष रूप से उपस्थित हुए। शिविर में गिटार सीख रहे नन्हे बच्चों के उत्साह को देखकर श्री साबरी भावविभोर हो गए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया बिरादरी के बच्चों को कला और संगीत की तालीम दिलाना बेहद सराहनीय और नेक कार्य है। वे स्वयं भी बच्चों को नि:शुल्क संगीत सिखाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में यदि ये बच्चे संगीत के क्षेत्र में आगे कुछ और सीखना चाहेंगे, तो उन्हें बेहद खुशी होगी और वे इसके लिए हरसंभव मदद करेंगे। :: संगीत की बारीकियों पर हुई चर्चा :: पद्मश्री साबरी ने गिटार प्रशिक्षक कपिल पुरोहित से काफी देर तक चर्चा की और संगीत के तकनीकी पहलुओं व बारीकियों पर अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उन्होंने गुनगुनाकर कुछ खूबसूरत नज्में भी सुनाईं। शिविर के उद्घाटन सत्र में प्रशिक्षक श्री पुरोहित ने भी गिटार पर अपनी खास स्वर लहरियां बिखेरीं, जिसकी धुन सुनकर श्री साबरी मंत्रमुग्ध हो गए और उन्होंने मुक्तकंठ से इसकी सराहना की। इस गरिमामय अवसर पर इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दीपक कर्दम, महासचिव प्रदीप जोशी, उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी तथा कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कार्यकारिणी सदस्य अभय तिवारी, प्रमोद दीक्षित, श्याम कामले, अभिषेक रघुवंशी, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य दिलीप राजपाल, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अर्पण जैन, अनिल त्यागी, रोहित तिवारी, मोहम्मद अफजल और खुशबू यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण एवं मीडियाकर्मी सपरिवार उपस्थित थे। प्रकाश/15 जून 2026