क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


- एक गोली युवक के सिर को छूती निकली तो दूसरी कंधे पर लगी गुना (ईएमएस)। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ईदगाह बाड़ी इलाके में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो पक्षों के बीच चल रहे पुराने विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली युवक के सिर को छूते हुए निकल गई, जबकि दूसरी उसके कंधे में जा धंसी। गोली लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार घायल लक्ष्मण सिंह केवट पिता रतनलाल केवट ने छह लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि महादेव केवट, नरेश केवट, घनश्याम केवट, दीपू, गज्जू और धर्मेंद्र केवट ने एकराय होकर उस पर हमला किया। आरोपियों के पास धारदार हथियार भी थे और विवाद के दौरान फायरिंग की गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घायल लक्ष्मण केवट का कहना है कि आरोपी पिछले डेढ़ महीने से उसे लगातार परेशान कर रहे थे। कई बार जान से मारने और गोली मारने की धमकी भी दी गई थी। उसने पुलिस को पहले भी आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके अनुसार विवाद की जड़ मकरावदा डेम और शासकीय तालाब में मछली पकड़ने का मामला है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। वहीं दूसरे पक्ष के नरेश केवट निवासी पुरापोसर भी घायल हुए हैं। उनके सिर में गंभीर चोट आई है। नरेश का आरोप है कि वह अपने भाई के साथ घर लौट रहे थे, तभी लक्ष्मण पक्ष के लोगों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया कि फायरिंग उनके पक्ष से नहीं बल्कि विरोधी पक्ष के एक व्यक्ति ने की थी। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं और सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल एक पक्ष की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से भी आवेदन मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फायरिंग में प्रयुक्त हथियार की तलाश भी की जा रही है। मछली पकड़ने के अधिकार को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गोलियों तक पहुंच गया है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी है।- सीताराम नाटानी