- भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय का आयोजन; एनसीसी कैडेट्स और माय भारत के वॉलिंटियर्स ने सीखीं प्राणायाम व ध्यान की तकनीकें इंदौर (ईएमएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को चमेली देवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में एक भव्य योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित इस गरिमामय शिविर में चमेली देवी कॉलेज और 1 एमपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी इंदौर के कैडेट्स सहित 700 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। यह आयोजन माय भारत (My Bharat) तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर के दौरान मुख्य मंच से विशेषज्ञ योग प्रशिक्षकों ने सुरमई और अनुशासित माहौल में कॉमन योग प्रोटोकॉल का नेतृत्व किया। उपस्थित 700 से अधिक छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने एक लय में विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान की जटिल तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास किया। पर्यटन मंत्रालय के इस प्रमोशनल जागरूकता अभियान के तहत योग सत्र के समापन पर सभी सहभागियों को इन्क्रेडिबल इंडिया (अतुल्य भारत) के लोगो वाली आधिकारिक टोपियां (कैप्स) भी वितरित की गईं। :: प्रशासनिक और शैक्षणिक जगत के प्रबुद्धजन रहे मौजूद :: इस वृहद आयोजन को सफल बनाने में प्रशासनिक और शैक्षणिक जगत के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान चमेली देवी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर, माय भारत के डिप्टी डायरेक्टर पंकज गोस्वामी, भारत पर्यटन (पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार) इंदौर कार्यालय से शिवम कुमार एवं जयकुमार तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए योग को केवल एक दिन का अभ्यास न बनाकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। प्रकाश/15 जून 2026