क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


- स्टील रॉड से तोड़े दोनों पैर - राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप कोरबा (ईएमएस) कोरबा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज और गंभीर घटना सामने आई, जहां भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने स्टील रॉड से हमला कर उनके दोनों पैरों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। घटना के बाद घायल अवस्था में शिव बालक सिंह तोमर को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सको की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल में पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर घायल भाजपा नेता के बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना की खबर फैलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचने लगे। घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री सह कोरबा नगर विधायक लखनलाल देवांगन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायल नेता का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से चर्चा कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घायल शिव बालक सिंह तोमर की शिकायत के आधार पर कथित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने जिले की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है और भाजपा नेताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्यवाही की मांग की है। 15 जून / मित्तल