क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


- बलगी डकैती मामले में भी शामिल होने बताई जा रही बात कोरबा (ईएमएस) कोरबा पुलिस ने पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या प्रकरण का खुलासा करते हुए मुख्य कथित आरोपी को गिरफ्तार कर लेने का दावा किया लिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस की विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर कार्यवाही करते हुए उसको पकड़ा। बताया जा रहा हैं की जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार कथित आरोपी बलगी क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात में भी शामिल था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साकेत कॉलोनी जमनीपाली निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6-7 जून की दरमियानी रात उसके परिचित चंद्रमणि रात्रे को अज्ञात व्यक्तियों ने बोलेरो वाहन से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 500/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 103(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे के लिए अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों को सीसीटीवी फुटेज की जांच, तकनीकी साक्ष्य जुटाने, संदिग्धों से पूछताछ और ह्यूमन इंटेलिजेंस विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। लगातार तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कथित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने जप्त कर लिया है। विवेचना के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार कथित आरोपी उसी दिन थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र के बलगी में हुई डकैती की घटना में भी शामिल था। उल्लेखनीय है कि इस डकैती मामले में पुलिस पहले ही दो लोगो को गिरफ्तार कर चुकी है तथा घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार और स्कूटी वाहन जब्त किए जा चुके हैं। वर्तमान कथित आरोपी की गिरफ्तारी से डकैती प्रकरण की जांच को भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने उसको न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य की तलाश और अतिरिक्त साक्ष्य जुटाने की कार्यवाही जारी है। कोरबा पुलिस ने बताया कि पूरे मामले के खुलासे में सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपराध और अपराधियों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। 15 जून / मित्तल