नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार सुशासन के अंतर्गत जिले में आमजन को सुलभ, सरल एवं पारदर्शी तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला लोक सेवा प्रबंधन श्री आनंद झेरवार द्वारा सोमवार को लोक सेवा केंद्र सिवनी मालवा एवं लोक सेवा केंद्र डोलरिया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री झेरवार ने दोनों केंद्रों की व्यवस्थाओं, प्राप्त आवेदनों, अभिलेखों एवं ऑनलाइन सेवाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। लोक सेवा केंद्र सिवनी मालवा के निरीक्षण में कुछ आवेदनों में अपूर्ण प्रिंट एवं ऑनलाइन प्रिंट पर आवेदकों के हस्ताक्षर नहीं पाए गए। इस पर ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया कि सभी ऑनलाइन भरे गए आवेदनों के पूर्ण प्रिंट आउट निकालकर आवेदकों के अनिवार्य रूप से हस्ताक्षर लिए जाएं तथा शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। केंद्र एवं शौचालय की साफ-सफाई बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एक ऑपरेटर यूनिफॉर्म में उपस्थित नहीं पाया गया, जिसे समयपालन एवं निर्धारित यूनिफॉर्म में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। उपस्थिति रजिस्टर अधूरा पाए जाने पर उसे नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक आवेदन की पावती आवेदक को अनिवार्य रूप से प्रदान करने तथा सभी आवेदन अगले दिवस तक संबंधित कार्यालयों में प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए गए। CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने एवं आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कराने हेतु भी निर्देशित किया गया। लोक सेवा केंद्र डोलरिया के निरीक्षण में सेवावार संधारित रजिस्टरों एवं आवेदनों की जांच की गई। यहां भी कुछ ऑनलाइन आवेदनों पर आवेदकों के हस्ताक्षर नहीं पाए गए, जिस पर संबंधित ऑपरेटरों को आवश्यक निर्देश दिए गए। आवेदन की हार्डकॉपी अगले दिवस तक संबंधित कार्यालयों में भेजने, ऑनलाइन आवेदन एवं पावती की स्पष्ट एवं साफ प्रिंटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान CCTV कैमरे बंद पाए गए, जिन्हें प्राथमिकता से दो दिवस के भीतर सुधारने के निर्देश दिए गए। केंद्र परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। दोनों लोक सेवा केंद्रों पर सभी ऑपरेटरों को निर्धारित यूनिफॉर्म में उपस्थित रहने एवं समयपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सेवाओं की सूची एवं आवेदन शुल्क संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने तथा प्रत्येक आवेदन की पावती आवेदक को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। ऑपरेटरों को आवेदकों के प्रति विनम्र एवं शालीन व्यवहार बनाए रखने की समझाइश भी दी गई। जिला प्रबंधक द्वारा सभी केंद्रों पर निर्धारित स्टाफ, पेयजल व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, इंटरनेट, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, फर्नीचर एवं प्रचार-प्रसार सामग्री की उपलब्धता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। ईएमएस/ राजीव अग्रवाल/ 15 जून 2026