- मारपीट कर नगदी, ईयरफोन छीना, ऑनलाइन रकम खाते में कराई ट्रांसफर भोपाल(ईएमएस)। शहर के श्यामला हिल्स थाना इलाके में स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में बीती रात अपनी कॉलेज फ्रेंड के साथ बैठे एक छात्र को दो बदमाशों ने चाकू की नोंक पर लूट लिया। आरोपियों ने पहले छात्र के साथ मारपीट करते हुए उसके पास रखी रकम और ईयरफोन छीन लिये। इसके बाद फोन-पे के जरिए भी रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की शिकायत अगली सुबह दर्ज की गई है। थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित 23 वर्षीय दीपू यादव पिता दिनेश प्रसाद यादव ने पुलिस को बताया की वह मूल रुप से रांची झारखण्ड का रहने वाला है, और यहॉ गोंविदपुरा इलाके में रहते हुए रातीबढ़ स्थित निजी कॉलेज से एमबीए की पढाई कर रहा है। रविवार देर शाम वह अपनी एक कॉलेज फ्रेंड के साथ स्मार्ट सिटी पार्क में बैठकर बातचीत कर रहा था। उसी समय दो युवक हाथ में चाकू लेकर उनके पास पहुंचे। उनका इरादार भांपते हुए दीपू ने फौरन ही अपनी दोस्त को वहां से जाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों बदमाशों ने चाकू की नोक पर उसके साथ मारपीट करते हुए उसकी जेब में रखे करीब 2 हजार की नगदी और ईयरफोन छीन लिए। इसके बाद आरोपियो ने उससे और रकम देने को कहा। जब छात्र ने और पैसे होने से इंकार किया तब बदमाशो ने उसे धमकाते हुए उसके मोबाइल से फोन-पे के माध्यम से 2 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। - फोटो दिखाने पर सामने आया लिस्टेड बदमाश का नाम बदमाशो के छोड़े जाने के बाद छात्र ने थाने पहुंचकर पुलिस को सारी घटना बताई। पुलिस ने तुरंत ही छात्र द्वारा बताये गये हुलिये के आधार पर उनकी तलाश शुरू करते हुए उसे घटना स्थल के आस-पास रहने वाले लिस्टेड बदमाशो की फोटो दिखाई। फरियादी दीपू यादव ने संदेही आरोपी की पहचान कृष्णा उर्फ छोटू उईके के रूप में की। इसके बाद टीम ने घेराबंदी करते हुए 12 दफ्तर के पास से कृष्णा उर्फ छोटू उईके को उस समय दबोच लिया जब वह अपने साथी रितिक उर्फ हर्षित के साथ मौजूद था। पूछताछ में आरोपियो ने लूट की वारदात का खुलासा कर दिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया माल जप्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट सहित अन्य धाराओं में मामला कायम किया है। आरोपियो से अन्य वारदातो के संबध में पूछताछ के साथ ही उनकी अपराधिक कुंडली भी खंगाली जा रही है। - आदतन आरोपी है गिरफ्तार बदमाश गिरफ्तार आरोपी कृष्णा उईके उर्फ छोटू पिता विजय उईके (9) के खिलाफ थाना श्यामला हिल्स में और उसके साथी रितिक उर्फ हर्षित श्रीवास्तव पिता ओम कुमार श्रीवास्तव (20) के खिलाफ थाना टीटी नगर में तीन-तीन अपराधिक प्रकरण दर्ज है। दोनो आरोपी गंगा नगर श्यामलाहिल्स के रहने वाले है। जुनेद / 15 जून