- सोने का जेवर और 1 लाख से अधिक की नगदी सहित ढाई लाख का माल जप्त भोपाल(ईएमएस)। थाना जीआरपी रानी कमलापति टीम ने चोरी के दो मामलो का खुलासा करते हुए 1 लाख के जेवर सहित ढाई लाख की नगदी बरामद की है। मामलो में दो आरोपियो को गिरफ्तार किया गया है। - ओवरनाइट एक्सप्रेस से चोरी हुआ था महिला का पर्स थाना प्रभारी अमित शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार 3 फरवरी 26 को फरियादिया सुनीता ठाकुर पति रविशंकर ठाकुर (55 ) निवासी इंदौर अपने परिवार के साथ ओवरनाइट एक्सप्रेस के कोच एस-3 में नरसिंहपुर से इंदौर का सफर कर रही थीं। यात्रा के दौरान उनकी नींद लग गई, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचने पर जब उनकी नींद खुली तो देखा की उनका पर्स चोरी हो चुका था। पर्स में एक सोने की पांचाली, मंगलसूत्र, मोबाइ, नगदी रखी थी। महिला द्वारा जीआरपी इंदौर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। घटना स्थल जीआरपी थाना रानी कमलापति होने से जीरो पर कायमी कर केस डायरी यहॉ भेजी गई थी। टीम द्वारा तकनीकी सुरागो और मुखबिर की मदद से आरोपी नीलेश पटेल (20) निवासी ग्राम मोहद, जिला नरसिंहपुर को गिरफ्तार कर लिया। आगे की कार्यवाही करते हुए पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गया लाखो माल जप्त किया है। - मोबाइल चोरी कर ऑनलाइन निकाल ली रकम दूसरी घटना में मिली जानकारी के अनुसार 24 मई 26 को फरियादी राममूर्ति चौधरी पिता मेहरबान सिंह चौधरी (46) निवासी जिला नर्मदापुरम ने पुलिस को बताया की इन्दौर-नर्मदा एक्सप्रेस में रानीकमलापति स्टेशन से सोहागपुर की यात्रा करने के लिये सवार रहे थे। भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश ने उनकी शर्ट की जेब से मोबाइल चोरी कर लिया। फरियादी ने आगे बताया की अज्ञात आरोपी ने उनके मोबाइल फोन के जरिये रकम भी निकाल ली थी। मामला कायम कर पुलिस ने तकनीकी सुरागो के आधार पर आरोपी की पहचान राजधानी निवासी आदिल मंसूरी पिता अतीक मंसूरी (24) करोद के रुप में जुटाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक लाख से अधिक की नगदी जप्त की है। मामले में आरोपी का साथी सलमान खान फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। जुनेद / 15 जून