क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


- सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दिए आवश्यक निर्देश नरसिंहपुर (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने सोमवार को बरमान में आयोजित सोमवती अमावस्या के एक दिवसीय मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सोमवती अमावस्या के अवसर पर जिले सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां नर्मदा जी में स्नान के लिए बरमान पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मेले में एसडीआरएफ के जवान, होमगार्ड तथा जिला पुलिस बल की तैनाती की गई है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए मोटरबोट के माध्यम से निरंतर गश्त करने के निर्देश दिए। साथ ही माइक के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को सतर्क रहने हेतु जागरूक किया जा रहा है। नाव संचालन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है। इसके अतिरिक्त मेले क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा संबंधी संकेतक बोर्ड भी लगाए गए हैं। कलेक्टर ने संबंधित पंचायत को साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती कलावती ब्यारे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस बल के जवान मौजूद थे। ईएमएस/15/06/2026