क्षेत्रीय
15-Jun-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा करने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया। 14-15 मई की दरमियानी रात जिले की सड़कें छावनी में तब्दील नजर आईं, जब 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की फौज एक साथ कॉम्बिंग गश्त पर निकली। पुलिस की इस ताबड़तोड़ और अचूक कार्रवाई से जिले भर के अपराधियों और असामाजिक तत्वों में रातभर हड़कंप मचा रहा। इस दौरान पुलिस ने न सिर्फ 47 स्थायी वारंटियों को धर दबोचा, बल्कि 10 हजार रुपये के एक इनामी बदमाश को भी गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह व्यापक अभियान पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के कड़े निर्देशों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकघनश्याम मालवीय के कुशल नेतृत्व में चलाया गया। गश्त पर निकलने से पहले एसपी ने स्वयं सभी पुलिस टीमों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों से लेकर थाना प्रभारियों ने पूरी रात सड़कों पर उतरकर इस गश्त की कमान संभाली। पूरी रात चले इस सघन अभियान में पुलिस ने शानदार कामयाबी हासिल करते हुए 47 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया और 78 गिरफ्तारी वारंटों की तामीली करवाई। इसके साथ ही एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित 10 हजार रुपये के एक इनामी वारंटी को भी पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया। अपराधियों की धरपकड़ के अलावा पुलिस ने 12 जिला बदर अपराधियों के ठिकानों पर जाकर उनका सत्यापन भी किया। गश्त के दौरान 73 गुंडा तत्वों और 104 निगरानीशुदा बदमाशों की सघन चेकिंग की गई। वहीं अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी एक्ट के तहत 5 प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस टीमों ने जिले के 35 होटलों, लॉज, ढाबों और धर्मशालाओं की सघन तलाशी ली, ताकि बाहर से आकर रुके संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा सके। इसके अलावा बैंक, एटीएम और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष चौकसी बरती गई। पुलिस ने जेल से हाल ही में रिहा हुए बदमाशों, सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के घर-घर जाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों का ब्यौरा लिया। इन बदमाशों के रिकॉर्ड अपडेट करते हुए पुलिस ने उन्हें सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि वे किसी भी अवैध या आपराधिक गतिविधि में दोबारा लिप्त पाए गए, तो उनके खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 15 जून 2026