15-Jun-2026
...


- मानसिक तनाव से मुक्ति और एकाग्रता बढ़ाने के लिए शिवपुरी जेल में चला 7 दिवसीय योग अभियान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शिवपुरी जेल में योगाभ्यास, बंदियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा शिवपुरी (ईएमएस)। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के दिशा-निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सोमवार को सर्किल जेल शिवपुरी में एक सप्ताह के राज्यव्यापी योग अभियान का शुभारम्भ किया गया। यह अभियान 15 से 21 जून तक जिले की समस्त जेलों में चलेगा। अभियान का प्रदेशस्तरीय शुभारम्भ केन्द्रीय जेल जबलपुर से माननीय कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति, म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर एवं मुख्य संरक्षक, म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण विवेक रूसिया ने ऑनलाइन माध्यम से किया। सर्किल जेल शिवपुरी में कार्यक्रम का शुभारम्भ माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजेन्द्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती रंजना चतुर्वेदी, अधीक्षक सर्किल जेल शिवपुरी श्री रमेशचन्द्र आर्य सहित जेल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के पहले दिन निरुद्ध कैदियों, जेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लिया। सचिव रंजना चतुर्वेदी ने प्रतिभागियों को नियमित योग के वैज्ञानिक महत्व, मानसिक तनाव से मुक्ति और एकाग्रता बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कैदियों को जेल परिसर में सकारात्मक और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को नियमित योग साधना, संयमित खान-पान और व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने जेल का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं भी सुनीं। ईएमएस/मोहने/ 15 जून 2026