16-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। यमुना को साफ करने के लिए सरकारी प्रयास के साथ ही आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया था। इसे ध्यान में रखकर रविवार को दिल्ली में 28 घाटों पर सफाई अभियान चलाया गया। आने वाले दिनों में इस तरह के और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नदी में खंडित मूर्तियों व पूजन सामग्री के विसर्जन, प्लास्टिक सहित अन्य कचरा जाने से रोकने की तैयारी शुरू की गई है। प्रधानमंत्री की निगरानी में यमुना की सफाई से संबंधित परियोजनाओं का काम चल रहा है। नियमित रूप से इसकी समीक्षा की जा रही है। पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई थी। उन्होंने हरियाणा, दिल्ली व उत्तर प्रदेश सरकार को मिलकर इसके लिए काम करने का निर्देश दिया था। तीनों राज्यों में अगले वर्ष तक कुल 99एसटीपी स्थापित किए जाएंगे। दिल्ली में यमुना में गिरने वाले नालों से 28.57 लाख टन गाद निकाले गए हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/16/ जून /2026