- बुजुर्गों के खिलाफ दुर्व्यवहार पर अपनाई जाएगी जीरो टॉलरेंस की नीति - विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का किया उद्घाटन तिरुवनंतपुरम (ईएमएस)। मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुजुर्गों के खिलाफ होने वाली किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या दुर्व्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार इस मामले में जीरो टॉलरेंस (शून्य सहनशीलता) की नीति पर काम करेगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और समाज हर मोड़ पर वरिष्ठ नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा तिरुवनंतपुरम के जिमी जॉर्ज इंडोर स्टेडियम में आयोजित विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बातें कहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि बुजुर्गों का अपमान या उनके साथ क्रूर व्यवहार करने वालों के खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने गर्व जताते हुए कहा कि केरल पूरे देश का ऐसा पहला राज्य है, जिसने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए एक अलग और समर्पित विभाग की स्थापना की है। सरकार अब सिल्वर इकोनॉमी (Silver Economy) की अवधारणा को धरातल पर उतारने की तैयारी कर रही है। इसके तहत बुजुर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर सक्रिय भागीदारी, आय अर्जित करने और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में योगदान देने के नए अवसर दिए जाएंगे। युवाओं के शिक्षा और रोजगार के लिए विदेशों या दूसरे राज्यों में पलायन करने की वजह से घर पर अकेले रह जाने वाले बुजुर्ग माता-पिता की स्थिति पर भी मुख्यमंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में समाज का यह नैतिक दायित्व है कि वह उनकी देखभाल और सहयोग सुनिश्चित करे। सरकार बुजुर्गों के लिए एक व्यापक केयर सिस्टम (देखभाल व्यवस्था) तैयार कर रही है, जिसके अंतर्गत नियमित रूप से उनके घर का दौरा करना, भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं उनके दरवाजे तक पहुंचाना शामिल होगा। उन्होंने संकेत दिया कि आगामी राज्य बजट में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुछ विशेष कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने केरल को देश का सबसे बुजुर्ग-अनुकूल (एल्डर-फ्रेंडली) राज्य बनाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने अपील की कि हमें ऐसी नई पीढ़ी का निर्माण करना होगा जो बुजुर्गों के प्रति मन में प्रेम, करुणा और संवेदनशीलता का भाव रखे। कार्यक्रम के विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलायनारकोट्टा वृद्धाश्रम की निवासी जगदम्मा को सामाजिक न्याय विभाग का ‘स्नेह संदेशम’ कार्ड भी भेंट किया। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026