* कटघोरा वन परिक्षेत्र का मामला *कथित आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा वन परिक्षेत्र के ग्राम विजयपुर में शासकीय कार्य में बाधा डालने और वन विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के एक गंभीर मामले में वन विभाग की शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने तीन ग्रामीणों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। कोरबा वनमण्डलाधिकारी द्वारा जारी अधिकृत प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस कथित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही है। बताया जा रहा हैं कि वन विभाग द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना 13 जून 2026 की है। कटघोरा वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक OA-783 (ग्राम विजयपुर) में विभाग द्वारा फेंसिंग (घेराबंदी) का शासकीय कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम के ही तीन व्यक्तियो ने वहां पहुंचकर काम रुकवा दिया। आरोप हैं की उनके द्वारा शासकीय कार्य में बाधा डाली गयी, गाली-गलौच और धमकी दी गयी, कार्य कर रहे कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाते हुए लगाए जा चुके फेंसिंग खम्भों को तोड़ दिया गया, जिससे वन विभाग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। शिकायत के आधार पर थाना कटघोरा में कथित आरोपियो के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत धारा 221 शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाना, धारा 296 अश्लील हरकतें या गाली-गलौच करना, धारा 351(3) जान से मारने की धमकी देना, धारा 324(4) शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाना (तोड़फोड़) दर्ज की गयी। वन विभाग ने की सख्त चेतावनी देते हुए कहा हैं की “शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने तथा शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर से कठोर कार्यवाही की जाएगी।” फिलहाल कटघोरा पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और फरार कथित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। 16 जून / मित्तल