16-Jun-2026


- आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा - आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया कोल्लम (ईएमएस)। केरल के कोल्लम जिले के चिथारा इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 61 वर्षीय ऑटो-रिक्शा चालक ने गैस सिलेंडर पहुंचाने के बहाने 24 साल की एक युवती के घर में घुसकर उसका यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चिथारा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान स्थानीय निवासी निसार उद्दीन (61) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, युवती ने अपने घर तक रसोई गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए आरोपी निसार उद्दीन के ऑटो-रिक्शा की मदद ली थी। गैस एजेंसी से सिलेंडर उठाने के बाद जब दोनों युवती के घर पहुंचे, तो वह सिलेंडर को अंदर रखने लगी। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी चुपके से उसके पीछे-पीछे घर के भीतर दाखिल हो गया और युवती को अकेला पाकर उसका यौन उत्पीड़न करने लगा। आरोपी की इस हरकत पर युवती ने सूझबूझ दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी और स्थानीय लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी ऑटो चालक घबरा गया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने चिथारा पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पीड़िता सहित चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। इसके तुरंत बाद घेराबंदी करते हुए पुलिस टीम ने चिथारा जंक्शन इलाके से आरोपी निसार उद्दीन को धर दबोचा। पुलिस की कड़ी पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह साल 2020 में भी यौन उत्पीड़न के ही एक अन्य मामले में चिथारा पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका था। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वह इलाके की ऐसी किसी अन्य घटना में शामिल तो नहीं था। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026