- पति पर लगाया मारपीट और दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप - आरोपी पति गिरफ्तार, जेल भेजा गया भुवनेश्वर (ईएमएस)। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में दहेज प्रताड़ना का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला न्यायाधीश (न्यायिक अधिकारी) ने अपने ही पति पर दहेज के लिए गंभीर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित महिला जज ने पुलिस में दर्ज कराई अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उन्हें काफी लंबे समय से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भुवनेश्वर के बापूजी नगर निवासी एस. के. इजाजुर रहमान के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पति पीड़िता के साथ अक्सर मारपीट और गाली-गलौज करता था। महिला न्यायाधीश ने इस पारिवारिक विवाद और कलह को सुलझाने के लिए पहले अपने स्तर पर और सामाजिक स्तर पर कई प्रयास किए, लेकिन जब आरोपी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ और पानी सिर से ऊपर चला गया, तो उन्होंने कानून की मदद लेने का फैसला किया। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज करते ही जांच शुरू कर दी। शुरुआती तफ्तीश और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी रहमान को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत और गहन जांच अभी जारी है। रामयश/ईएमएस 16 जून 2026