0 गाली-गलौज के बाद हत्या की आशंका, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस 0 नयापारा गणेश नगर में सनसनी, संदिग्ध आरोपी से पूछताछ; कई अहम सुराग मिले 0 देर रात विवाद के बाद वारदात की आशंका, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी 0 नशे के दौरान हुई कहासुनी बनी जानलेवा, एक आरोपी पकड़ा गया, दूसरा फरार बिलासपुर (ईएमएस)। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-46 स्थित नयापारा गणेश नगर में मंगलवार सुबह एक युवक की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। गली के बीचों-बीच युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव के पास सीमेंट के दो बड़े पत्थर पड़े मिले हैं, जिनसे सिर और चेहरे पर वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान इरफान खान उर्फ बघीरा (26), पिता शेख खलील खान, निवासी नयापारा गणेश नगर के रूप में हुई है। सुबह स्थानीय लोगों ने गली में शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था तथा युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की और मौके से मिले पत्थरों समेत अन्य साक्ष्यों को जब्त कर लिया। देर रात हुआ विवाद, हत्या की आशंका प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का क्षेत्र के दो सगे भाइयों से परिचय था। घटना से पहले तीनों के एक साथ बैठकर नशा करने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में गाली-गलौज और विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों ने मिलकर इरफान पर हमला कर दिया और भारी पत्थरों से वार कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। एक आरोपी हिरासत में, दूसरे की तलाश जारी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्ध नईम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं उसके भाई की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण खुलासा हो सकता है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेष सिंह परिहार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीम को आवश्यक निर्देश दिए। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा मृतक के दोस्तों, परिचितों और परिजनों से पूछताछ कर घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल रिहायशी इलाके की गली में युवक का शव मिलने से नयापारा गणेश नगर में भय और आक्रोश का माहौल है। सुबह से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जुटे रहे और घटना को लेकर चर्चा होती रही। फिलहाल सिरगिट्टी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक संदिग्ध आरोपी पुलिस हिरासत में है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। मनोज राज 16 जून 2026