- शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं आधुनिक व्यवस्था विकसित करने के दिए निर्देश कटनी (ईएमएस)। नागरिकों की निगम कार्यालय से संबंधित शिकायतों का आसानी से निराकरण किये जाने हेतु निगम कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार शाम औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली नागरिक शिकायतों के पंजीयन, संधारण एवं निराकरण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त सुश्री ने पाया कि वर्तमान में नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का संधारण एवं रिकॉर्ड संधारित करने का कार्य एक्सेल शीट के माध्यम से किया जा रहा है। इस पर निगमायुक्त ने शिकायत प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी, तकनीकी रूप से सक्षम एवं व्यवस्थित बनाने पर बल देते हुए व्यवस्थित एवं आधुनिक कंट्रोल रूम विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम ऐसा हो, जहां शिकायतों का ऑनलाइन पंजीयन, ट्रैकिंग, मॉनिटरिंग एवं निराकरण की अद्यतन जानकारी एकीकृत रूप से उपलब्ध हो सके। निगमायुक्त ने कंट्रोल रूम के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को संबंधित विभागों को तत्काल प्रेषित कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके। निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों की प्राप्त शिकायतों का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए तकनीक आधारित प्रणाली विकसित करना आवश्यक है। जिस हेतु सुव्यवस्थित, आधुनिक एवं नागरिक-केंद्रित कंट्रोल रूम आवश्यक हैं। निगमायुक्त ने वर्षा ऋतु के मद्देनजर जलभराव, नाली सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान ही सुशासन की पहचान है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी सहित कंट्रोल रूम के कर्मचारी अक्षय दुबे एवं नेहा गर्ग उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि साफ-सफाई एवं निगम की अन्य समस्याओं का समाधान नागरिक गण घर बैठे करा सकें इस हेतु निगम प्रशासन द्वारा निगम कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की जाकर दो टोल फ्री नंबर 14420 एवं 1800 233 0877 जारी किया गया है। जिसके माध्यम से अब तक 406 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। ईएमएस / 16 जून 26