मुरैना ( ईएमएस ) । शासन के निर्देशानुसार आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके निकट उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में 17 जून को तीसरे दिन भी जिले के जौरा, पहाड़गढ़, कैलारस एवं सबलगढ़ क्षेत्रों में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद पंचायत जौरा क्षेत्र के लिए कृषि उपज मंडी परिसर, जौरा, जनपद पंचायत पहाड़गढ़ क्षेत्र के लिए सांदीपनि स्कूल, पहाड़गढ़, जनपद पंचायत कैलारस क्षेत्र के लिए जनपद पंचायत सभागार, कैलारस तथा जनपद पंचायत सबलगढ़ क्षेत्र के लिए जनपद पंचायत सभागार, सबलगढ़ में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। सबलगढ़ शिविर में नगरीय क्षेत्र, ग्रामीण क्षेत्र तथा झुंडपुरा नगर परिषद क्षेत्र के हितग्राहियों को भी विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शिविर स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के लिए समन्वित रूप से कार्य करें।