क्षेत्रीय
16-Jun-2026


मुरैना ( ईएमएस ) । मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, मुरैना द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु बैंक ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत पात्र आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, मुरैना के कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि संत रविदास स्वरोजगार योजना के अंतर्गत सेवा एवं खुदरा व्यवसाय इकाइयों के लिए 1 लाख रुपये से 25 लाख रुपये तक तथा उद्योग इकाइयों के लिए 1 लाख रुपये से 50 लाख रुपये तक का ऋण बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। बैंक द्वारा ऋण स्वीकृति एवं वितरण के उपरांत ऋण राशि पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान मध्यप्रदेश राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस योजना के लिए मुरैना जिले के अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र आवेदक आवेदन कर सकते हैं। आवेदक के पास आधार कार्ड, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र एवं मुरैना जिले का मूल निवासी प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। आवेदक न्यूनतम 8वीं कक्षा उत्तीर्ण हो तथा आवेदन की तिथि पर उसकी आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उद्योग, सेवा अथवा खुदरा व्यवसाय स्थापित करने के लिए कार्ययोजना सहित आवेदन प्रस्तुत करने पर बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसी प्रकार डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत सेवा, खुदरा एवं उद्योग इकाइयों के लिए 10 हजार रुपये से 1 लाख रुपये तक का ऋण बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। बैंक द्वारा ऋण स्वीकृति के पश्चात ऋण राशि पर 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान मध्यप्रदेश राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा देय होगा। इस योजना के लिए भी मुरैना जिले के अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदक के पास आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। आवेदन की तिथि पर आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उद्योग, सेवा अथवा खुदरा व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक आवेदक निर्धारित कार्ययोजना के साथ आवेदन कर सकते हैं। पात्र शिक्षित बेरोजगार युवक एवं युवतियां इन योजनाओं के लिए समस्त एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए एबी रोड स्थित नवीन कलेक्टर कार्यालय के समीप, पुराने जनसंपर्क कार्यालय परिसर में संचालित जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित, मुरैना कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।