क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


बस्ती (ईएमएस)। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मण्डल महासचिव पूर्व लोकसभा प्रत्याशी ठाकुर प्रेम नंदवंशी ने जिलाधिकारी को पत्र देकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बस्ती भ्रमण के दौरान उनसे मुलाकात कराने, समस्याओ के निस्तारण और निमंत्रण पत्र देने का आग्रह किया है। डीएम को पत्र देने के बाद ठाकुर प्रेम नंदवंशी ने बताया कि अनेकों बार धरना, प्रदर्शन, ज्ञापन आदि देने के बावजूद जनहित से जुड़ी कुछ समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री से मिलकर वे समाधान का आग्रह करना चाहते हैं। पत्र में भारत सिंह कृषक इंटर कॉलेज, तेनुआ, हरैया में अनुचर पद पर कार्यरत मनोज कुमार वर्मा का दो वर्षों से अधिक अवधि का वेतन भुगतान कराये जाने, उनकी माता की ग्रेच्युटी भी लगभग 10 वर्षों से लंबित है, इसका निस्तारण कराने, विकास खंड हरैया में मनरेगा योजना के अंतर्गत करोड़ों रुपये के वित्तीय अनियमितता एवं घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने, विकास खंड हरैया में कथित रूप से फर्जी तरीके से शिक्षक नियुक्तियां किए जाने तथा मिड-डे मील योजना में हुए भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करने, विकास खंड हरैया की ग्राम पंचायत महादेवा की पंचायत मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताओं एवं त्रुटियों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मतदाता सूची में अपात्र व्यक्तियों के नाम सम्मिलित किए जाने तथा पात्र मतदाताओं के नाम विलोपित किए जाने जैसी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक एवं विभागीय कार्यवाही किए जाने की मांग किया गया है।