-अमेरिका और ईरान के बीच हुए ऐतिहासिक शांति समझौते पर बोले नेतन्याहू यरूशलम,(ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच हुए ऐतिहासिक शांति समझौते के एलान के बाद इसराइल के राजनीतिक और सैन्य गलियारों में भारी असहजता है। इजराइल के पीएम नेतन्याहू ने दावा किया कि उनकी सरकार ने इजराइल को पूरी तरह तबाह होने से बचा लिया है, लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि लड़ाई अभी ख़त्म नहीं हुई है। नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल को इस नए माहौल में बेहद सतर्क रहना होगा और जरूरत पड़ने पर वह अपनी रक्षा और बचाव के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी नेतृत्व पर उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ मामलों में उनकी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की राय एक जैसी नहीं होती, लेकिन वह इजराइल के हितों की रक्षा के लिए हमेशा मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने उत्तरी इजराइल के लोगों की सुरक्षा की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस बीच, इजराइली कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने भी इस समझौते को लेकर कड़ा रुख अपनाया। इजराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री और कट्टर दक्षिणपंथी नेता इतामार बेन-ग्वेर ने साफ शब्दों में कहा कि उनका देश इस अमेरिका-ईरान समझौते को मानने के लिए बाध्य नहीं है। वहीं रक्षा मंत्री इजराइल कात्ज़ ने कहा कि पीएम नेतन्याहू और मैं एक साफ़ नीति पर काम कर रहे हैं, जिसके तहत इजराइली सेना लेबनान, सीरिया और गाजा के बफ़र ज़ोन में अनिश्चित समय तक रहेगी। नेतन्याहू ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जब तक सुरक्षा के लिए जरूरत होगी, इजराइली सेना इन सिक्योरिटी ज़ोन में रहेगी। सिराज/ईएमएस 16जून26