कल्याण, (ईएमएस)। मुंबई से सटे कल्याण से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां रिश्तेदारों की लगातार तानेबाजी और पारिवारिक दबाव ने एक खुशहाल परिवार को बर्बाद कर दिया। पत्नी के नाम पर जमीन खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी मुबीन खान और उसकी पत्नी आयशाबानो की शादी वर्ष 2006 में हुई थी। दोनों पिछले कई वर्षों से कल्याण पूर्व इलाके में रह रहे थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी भी हैं। बाहरी तौर पर परिवार सामान्य और खुशहाल दिखाई देता था, लेकिन पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मुबीन खान ने मध्य प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव में एक जमीन खरीदी थी। हालांकि उसने यह जमीन अपने नाम के बजाय पत्नी आयशाबानो के नाम पर खरीदी थी। यही बात उसके रिश्तेदारों को पसंद नहीं आई। वे बार-बार मुबीन को फोन कर या व्यक्तिगत रूप से मिलकर यह सवाल उठाते थे कि उसने जमीन पत्नी के नाम पर क्यों खरीदी। लगातार मिलने वाले तानों और दबाव के कारण मुबीन मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और इसी बात को लेकर घर में रोज झगड़े होने लगे। 10 जून को यह पारिवारिक विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि रिश्तेदारों की बातों से नाराज मुबीन ने घर में आयशाबानो के साथ जोरदार बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने अपना आपा खो दिया और पत्नी पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि आयशाबानो के पेट और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बुरी तरह घायल होने के बाद वह घर में ही गिर पड़ीं। घटना के बाद आयशाबानो को गंभीर हालत में मुंबई के सरकारी अस्पताल जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बहन की मौत की खबर मिलते ही आयशाबानो के भाई ने पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कोलसेवाडी पुलिस थाना में आरोपी पति मुबीन खान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। संतोष झा- १६ जून/२०२६/ईएमएस