ठाणे, (ईएमएस)। ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। संभावित जल संकट और मानसून में देरी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पानी की बचत के लिए बड़ा कदम उठाया है। जलसंपदा विभाग के साथ 9 जून को हुई समीक्षा बैठक में 20 प्रतिशत जल कटौती लागू करने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, अल नीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष मानसून के अपेक्षाकृत देर से सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में शहर में गंभीर जल संकट न उत्पन्न हो, इसके लिए अभी से जल प्रबंधन की रणनीति तैयार की जा रही है। इसी के तहत महाराष्ट्र औद्योगिक विकास महामंडल (एमआईडीसी) द्वारा संचालित जांभूळ जलशुद्धीकरण केंद्र से होने वाली जलापूर्ति को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, गुरुवार 18 जून को दोपहर 12 बजे से शुक्रवार 19 जून को दोपहर 12 बजे तक कुल 24 घंटे के लिए जांभूळ जलशुद्धीकरण केंद्र से होने वाला पानी सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान हजारों नागरिकों को पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है। - इन क्षेत्रों में पानी सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी दिवा प्रभाग समिति सभी क्षेत्र कलवा प्रभाग समिति सभी क्षेत्र मुंब्रा प्रभाग समिति सभी क्षेत्र केवल प्रभाग क्रमांक 26 और 31 के कुछ हिस्से इस कटौती से बाहर रहेंगे वागले प्रभाग समिति रुपादेवी पाड़ा, किसननगर नंबर 2 एवं नेहरू नगर मानपाडा प्रभाग समिति कोलशेत खालचा गांव - सप्लाई शुरू होने के बाद भी कम दबाव से मिलेगा पानी ठाणे महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे पानी सप्लाई बहाल होने के बाद भी तकनीकी कारणों से अगले 1 से 2 दिनों तक कम दबाव (लो प्रेशर) से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इस वजह से नागरिकों को सामान्य जलापूर्ति बहाल होने में कुछ समय लग सकता है। - नागरिकों से पानी संग्रह करने की अपील प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से गुरुवार और शुक्रवार के लिए आवश्यक पानी पहले से संग्रह कर रखने की अपील की है। साथ ही जल कटौती की अवधि में पानी का उपयोग अत्यंत सावधानी और मितव्ययिता से करने का अनुरोध किया गया है। - जल संकट से निपटने की तैयारी अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय भविष्य में संभावित जल संकट से बचने और उपलब्ध जलस्रोतों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। यदि मानसून में और देरी होती है, तो आने वाले समय में जल प्रबंधन से जुड़े अतिरिक्त कदम भी उठाए जा सकते हैं। फिलहाल ठाणे महानगरपालिका ने नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने और जल संरक्षण को प्राथमिकता देने की अपील की है। स्वेता/संतोष झा- १६ जून/२०२६/ईएमएस