क्षेत्रीय
16-Jun-2026


कल्याण, (ईएमएस)। कल्याण के वालधुनी क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया गया और क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसका सिर तक मुंडवा दिया गया। पीड़िता किसी तरह ससुराल से निकलकर अपने मायके पहुंची, जिसके बाद उसे इलाज के लिए उल्हासनगर के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता की पहचान अफसाना अंसारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उल्हासनगर की रहने वाली है। नवंबर 2025 में उसकी शादी कल्याण के वालधुनी इलाके में रहने वाले समीर अंसारी से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी से पहले ही लड़की पक्ष ने अपनी आर्थिक स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया था कि वे दहेज देने में सक्षम नहीं हैं। इसके बावजूद शादी के लगभग एक महीने बाद अफसाना को कथित रूप से दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। अफसाना का आरोप है कि गर्भवती होने के बावजूद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसने बताया कि कई बार उसे खाना नहीं दिया जाता था, घर का भोजन फ्रिज में बंद करके रखा जाता था और उसे भूखा रहने पर मजबूर किया जाता था। इसके अलावा मारपीट करना, गर्म पानी से हाथ जलाना, दैनिक जरूरतों के लिए पैसे न देना और लगातार अपमानित करना जैसे अत्याचार भी उसके साथ किए गए। आर्थिक रूप से कमजोर मायके की स्थिति को देखते हुए वह लंबे समय तक यह सब सहन करती रही। पीड़िता के अनुसार, 7 जून को ससुराल वालों ने उसके सिर में जूं होने का बहाना बनाकर जबरन उसका सिर मुंडवा दिया। इस घटना ने उसे मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया। लगातार हो रहे अत्याचार से परेशान होकर अफसाना घर से निकलकर अपनी बहन के पास पहुंची और फोन पर अपने भाई को पूरी आपबीती सुनाई। जानकारी मिलने के बाद अफसाना के भाई नीर हसन अंसारी ने उसे तुरंत उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का आकलन किया जा रहा है। इस घटना ने इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। पीड़िता और उसके परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। संतोष झा- १६ जून/२०२६/ईएमएस