16-Jun-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के एलएलबी तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम तीन माह बाद भी घोषित नहीं होने पर महाकौशल विधि छात्र संघ ने नाराजगी जताई है। गुरुवार को संघ के पदाधिकारियों ने कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र परिणाम घोषित करने की मांग की। संघ अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने बताया कि परीक्षा संपन्न हुए करीब तीन माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक परिणाम जारी नहीं किए गए हैं, जिससे छात्रों का अगला शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और वे आगामी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर असमंजस में हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि एलएलबी तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के परिणाम 72 घंटे के भीतर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर घोषित किए जाएं तथा भविष्य में परीक्षाओं और परिणामों के लिए निश्चित शैक्षणिक कैलेंडर निर्धारित किया जाए। छात्र संघ ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयावधि में परिणाम घोषित नहीं होने पर विश्वविद्यालय परिसर में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। इस दौरान अंकुश चौधरी, मोहित प्यासी, अमित पटेल, विनय सोनकर, सुरेंद्र शर्मा, गौरव वंशकार, यशवंत सिंह, प्रशांत सोनकर, सर्वजीत सिंह सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 16 जून 2026/ 03.00