क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


2 महिलाओं के बीच जमकर झोंटा पकड़ लड़ाई जबलपुर, (ईएमएस)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी-अपनी शिकायत लेकर पहुंचीं दो महिलाएं आपसी विवाद में उलझ गईं। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया और दोनों महिलाओं के बीच जमकर हाथापाई हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जनसुनवाई परिसर में किसी बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच बहस शुरू हुई थी। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगीं। अचानक हुए घटनाक्रम से वहां मौजूद फरियादी और कर्मचारी भी स्तब्ध रह गए। मारपीट का वीडियो वायरल.......... घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर दोनों महिलाओं को अलग कराया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।