क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


कलेक्टर के पैरों में गिरकर मां बेटी ने लगाई न्याय की गुहार जबलपुर, (ईएमएस)। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। घमापुर क्षेत्र की एक महिला अपनी बेटी के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाते हुए कलेक्टर के चरणों में गिर पड़ी। मां बेटी ने हाथ जोड़कर अपनी सुरक्षा एवं शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। महिला ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उसके मोहल्ले में रहने वाले एक परिवार के साथ उसका विवाद हुआ था। इस दौरान कथित रूप से उसके घर में घुसकर मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि अब उसी प्रकरण को वापस लेने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। महिला के अनुसार समझौते के लिए मना करने पर दबंगो द्वारा उसे और उसके परिवार को परेशान किया जा रहा है। उसने आरोप लगाया कि संबंधित लोग उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं तथा धमकियां देकर भय का माहौल बना रहे हैं। इससे उसके परिवार का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। जनसुनवाई में महिला ने पुलिस पर भी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर उसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। हालांकि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। महिला ने बताया कि वह पूर्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी आवेदन दे चुकी है, लेकिन राहत नहीं मिलने पर अंतिम उम्मीद के तौर पर जनसुनवाई में पहुंची। उसने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की। पूरे घटनाक्रम के दौरान कलेक्टर ने महिला की शिकायत गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य चर्चा का विषय बना रहा। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।