भोपाल (ईएमएस)। रेल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा तथा अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ), भोपाल मंडल द्वारा 08 जून 2026 से 14 जून 2026 के मध्य चलाए गए विशेष अभियानों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई। डीआरएम पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ अभिषेक के निर्देशन में संचालित विभिन्न अभियानों के तहत अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए रेलवे एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। मिशन संरक्षा अभियान के तहत ज्वलनशील सामग्री सहित आरोपी गिरफ्तार रेल सुरक्षा बल, सीआईबी भोपाल द्वारा मिशन संरक्षा के अंतर्गत रेल परिचालन एवं यात्री सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु चलाए गए सुरक्षा एवं सतर्कता जांच अभियान के दौरान 08 जून 2026 को भोपाल स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22161 (भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस) में एक व्यक्ति के पास से 05 कार्टून में रखे 22 पैकेट ज्वलनशील पटाखे बरामद किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग ?33,420 आँकी गई है। जिसे बरामद कर रेल अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत चोरी गया मोबाइल बरामद यात्रियों के सामान एवं संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत 10 जून 2026 को आरपीएफ सीआईबी, भोपाल ने जीआरपी इटारसी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए यात्री सामान चोरी के मामले का सफल खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग ?60,000 मूल्य का चोरी गया मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामदगी के साथ चोरी की संपत्ति शिकायतकर्ता को सुपुर्द कर दी गई। ऑपरेशन नारकोस के तहत 20 किलो से अधिक गांजा जब्त मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के अंतर्गत रेल सुरक्षा बल इटारसी एवं सिविल पुलिस थाना पथरोटा द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। दिनांक 11 जून 2026 को ट्रेन संख्या 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक महिला एवं दो व्यक्तियों को अवैध मादक पदार्थ (गांजा) के साथ पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 20 किलो 575 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ?4.60 लाख है। जब्त मादक पदार्थ एवं आरोपियों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना पथरोटा पुलिस के सुपुर्द किया गया। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि रेल सुरक्षा बल, भोपाल मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा तथा अपराध एवं तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक, सतर्क निगरानी तथा विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वित कार्रवाई के माध्यम से आरपीएफ यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।