सेंसेक्स 544, निफ्टी 135 अंक उछला मुंबई (ईएमएस) । घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को तेजी के साथ बंद हुआ। बाजार में ये उछाल दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के साथ ही खरीदारी हावी होने से आया है। इसी कारण लगातार दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 544.15 अंक बढ़कर 76,808.48 पर और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 135.25 अंक उछलकर 23,989.15 पर बंद हुआ। आज कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 76,846.74 अंक तक पहुंच गया था जबकि निफ्टी भी 24,002.60 के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था। वहीं व्यापक कारोबार में निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.40 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी ऑटो, निफ्टी फार्मा, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी मेटल को छोड़कर, अन्य सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाभ के साथ ही हरे निशान में बंद हुए। वहीं निफ्टी आईटी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी मीडिया, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी रियल्टी में भी 1-2 फीसदी की बढ़त रही। आज कारोबार के दौरान निफ्टी में सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाली कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंज्यूमर, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, एचयूएल और ओएनजीसी शामिल रहीं, जबकि हिंडाल्को, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचडीएफसी लाइफ, आइशर मोटर्स और मारुति सुजुकी टॉप के शेयर सबसे अधिक गिरे। बाजार जानकारों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच हुए औपचारिक शांति समझौते तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने की योजना से भी निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। इन घटनाओं से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा और भू-राजनीतिक तनाव को लेकर बनी चिंताएं काफी हद तक कम हुई हैं, जिससे दुनिया भर के बाजारों में सकारात्मक माहौल बना है। भू-राजनीतिक तनाव कम होने से सुरक्षित निवेश विकल्पों की मांग घटी है, जिसका फायदा भारतीय रुपए को मिला। इसी कारण रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत होकर 95 रुपए के स्तर से नीचे पहुंच गया और करीब 94.6 के आसपास कारोबार करता दिखा। वहीं इससे पहले आज सुबह सकारात्मक संकेतों और घरेलू निवेशकों की खरीदारी के दम पर बाजार ने नई ऊंचाइयों की ओर कदम बढ़ाए। सुबह सेंसेक्स 272.09 अंक की मजबूती के साथ 76,536.42 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 50 भी 68 अंकों की बढ़त लेकर 23,921.30 पर खुला। ईएमएस 16जून 2026