क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


:: इंदौर की मेधावी बेटी को मिलेगा लैपटॉप, किसी को नौकरी तो किसी को मिली आर्थिक सहायता :: इंदौर (ईएमएस)। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरी है। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे विभिन्न आवेदकों की समस्याओं को कलेक्टर शिवम वर्मा ने संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देते हुए तुरंत सहायता सुनिश्चित की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। :: मेधावी छात्रा कृष्णा को मिलेगा लैपटॉप, प्रशासन देगा हरसंभव सहयोग :: जनसुनवाई में अपने पिता संतोष खाजेकर के साथ पहुंची मेधावी छात्रा कृष्णा खाजेकर ने बताया कि उन्होंने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वे प्रदेश की मेरिट सूची में नवें स्थान पर तथा इंदौर जिले में पहले स्थान पर रही हैं। छात्रा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए प्रोत्साहन स्वरूप लैपटॉप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य के लिए शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया, जिस पर परिवार ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। :: शिक्षित दीपाली को योग्यता के अनुरूप मिलेगा रोजगार :: जनसुनवाई में पहुंची दीपाली राठौड़ ने कलेक्टर को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि वे शिक्षित हैं, किन्तु वर्तमान में रोजगार के अभाव एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही हैं। इस प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस त्वरित पहल से खुश होकर दीपाली ने जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। :: मदद मिलने के बाद आभार जताने पहुंची उर्मिला :: एक अन्य अनूठे प्रकरण में उर्मिला सुनहरे जनसुनवाई में विशेष रूप से कलेक्टर एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पिछली जनसुनवाई में उन्हें आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराई गई थी, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच आमजन के लिए वरदान साबित हो रहा है। :: वरिष्ठ अधिकारियों ने सहानुभूतिपूर्वक सुनीं समस्याएं :: इस बार जनसुनवाई में मुख्य रूप से प्लॉट, संपत्ति, पारिवारिक विवाद, चिकित्सा सहायता और रोजगार से जुड़े प्रकरण सामने आए। कलेक्टर वर्मा के निर्देशन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार और रिंकेश वैश्य सहित सभी विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुना और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया।