2571 शिविरों में 63 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर निराकरण भोपाल(ईएमएस)। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित और स्थानीय स्तर पर समाधान करने के उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित “संपर्क अभियान 2026” को उल्लेखनीय सफलता मिली है। 14 मई से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत भोपाल एवं ग्वालियर रीजन के 16 जिलों में कुल 2571 विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 63 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। कंपनी द्वारा आयोजित इन शिविरों में उपभोक्ताओं को त्रुटिपूर्ण बिजली बिल, मीटर रीडिंग संबंधी त्रुटियों तथा अन्य बिलिंग शिकायतों का तत्काल समाधान प्रदान किया गया। इसके अलावा मात्र 5 रुपये में नए ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। शिविरों में भार वृद्धि, नाम एवं श्रेणी परिवर्तन, स्थायी और अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, एनओसी, बंद या खराब मीटर बदलने तथा स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का भी निपटारा किया गया। भोपाल रीजन में शहर भोपाल, बैतूल, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, रायसेन, भोपाल ग्रामीण, विदिशा और हरदा वृत्तों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को लाभ मिला। वहीं ग्वालियर रीजन के मुरैना, ग्वालियर शहर, भिंड, गुना, ग्वालियर ग्रामीण, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी और अशोकनगर वृत्तों में भी हजारों शिकायतों का समाधान किया गया। कंपनी अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके घर के नजदीक ही बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविरों में बिजली बिल भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट, बकाया राशि जमा करने तथा विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे उपभोक्ताओं में संतोष और विश्वास बढ़ा है। हरि प्रसाद पाल / 16 जून, 2026