भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे (ToD) योजना के तहत मई 2026 में बड़ी राहत प्रदान की है। भोपाल शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कुल 4 लाख 7 हजार 216 उपभोक्ताओं को बिजली बिल में 4 करोड़ 40 लाख रुपये की छूट दी गई है। कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि स्मार्ट मीटरिंग पहल के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सोलर ऑवर में बिजली उपयोग करने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। योजना के तहत घरेलू, गैर-घरेलू, सार्वजनिक जल कार्य, स्ट्रीट लाइट और निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ताओं को लाभ मिल रहा है। कंपनी के अनुसार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की अवधि को सोलर ऑवर निर्धारित किया गया है। इस दौरान बिजली की खपत करने वाले 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड वाले स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर पर 20 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है। प्रबंध संचालक श्री गर्ग ने उपभोक्ताओं से अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से सटीक रीडिंग, पारदर्शी बिलिंग और ऊर्जा खपत की रियल-टाइम निगरानी संभव हो रही है। मोबाइल एप के माध्यम से उपभोक्ता कहीं से भी अपनी बिजली खपत की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। स्मार्ट मीटर के प्रमुख लाभ बिजली खपत की रियल-टाइम निगरानी। सटीक और पारदर्शी बिलिंग। ऊर्जा बचत और खर्च पर नियंत्रण। मोबाइल एप के माध्यम से खपत की जानकारी। ऊर्जा गुणवत्ता की बेहतर निगरानी। पर्यावरण संरक्षण में सहयोग। कंपनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ पहुंचा रहे हैं, बल्कि ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और बिजली प्रबंधन को अधिक आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। हरि प्रसाद पाल / 16 जून, 2026