क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं बलिदान मेला के संस्थापक अध्यक्ष श्री जयभान सिंह पवैया ने मंगलवार को बलिदान मेले की तैयारियों का जायज़ा लिया । बलिदान मेला समिति ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मैदान पर दर्शकों की बैठक व्यवस्था व सुरक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया । बुधवार 17 जून को झाँसी के दुर्ग से प्रज्वलित शहीद ज्योति यात्रा साँय 6 बजे ग्वालियर पहुँचेगी, जिसे 6.30 बजे पड़ाव चौराहे से सजीव घुड़ सवार झांकियों के साथ समाधि तक लाया जायेगा व ज्योति को स्थापित किया जायेगा । साँय 7.15 बजे नगर निगम द्वारा लगाई गई रानी के मौलिक शास्त्रों की प्रदर्शनी तथा स्वराज संस्थान द्वारा प्रायोजित क्रांतिकारियों पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जायेगा। बुधवार 17 जून को साँय 7.30 बजे से बलिदान मेला के प्रमुख मंच पर महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में “ प्रताप की प्रतिज्ञा “ नाट्य का मंचन किया जायेगा व देश भक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे । गुरुवार 18 जून को आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के लिए देश के प्रख्यात कवियों के ग्वालियर आगमन का सिलसिला कल साँय से प्रारंभ होगा । 18 जून की साँयकाल भारत विकास परिषद शाखा समर्पण, लघु उद्योग भारती व जेसीआई क्लब द्वारा एक दीप वीरांगना के नाम से एक हजार दीपक प्रज्वलित किए जायेंगे ।