क्षेत्रीय
16-Jun-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने थाना दक्षिण क्षेत्र में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजियों के निर्धारित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा इंतजाम, यातायात व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने साफ निर्देश दिए कि सभी ताजिये केवल पहले से तय और स्वीकृत मार्गों से ही निकाले जाएंगे। किसी भी नई परंपरा या रूट में बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी। संवेदनशील स्थलों और ताजिया मार्गों पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें तैनात कर दी गई हैं। जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। सोशल मीडिया पर भी लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने या भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें। जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।