भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके के बैरसिया थाना क्षेत्र में दो बाइको की आमने सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं हादसे में उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक 1 साल की मासूम सालेहा बीते दिन अपने माता-पिता के साथ बैरसिया की ओर जा रही थी। बाइक उसके पिता चला रहे थे, वहीं बच्ची मां की गोद में थी। रास्ते में सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में दंपति समेत मासूम भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर मासूम सालेहा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं उसके माता-पिता का इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मासूम के शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्यवाही करने में जुटी है। जुनेद / 16 जून