16-Jun-2026


भोपाल (ईएमएस)। मुरैना जिले के कैलारस थाना क्षेत्र में डायल-112 पुलिस टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते कुएँ में गिरकर घायल हुए एक 45 वर्षीय व्यक्ति की जान बच गई। पुलिस जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया, जिससे उसे समय पर उपचार मिल सका। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि कैलारस थाना क्षेत्र के डोंगरपुर नरवुआ के पास एक व्यक्ति कुएँ में गिर गया है और उसे तत्काल सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंची डायल-112 टीम के आरक्षक विजयपाल गुर्जर और पायलट संतोषी ने देखा कि व्यक्ति कुएँ में गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस जवानों ने बिना समय गंवाए स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल व्यक्ति को सुरक्षित कुएँ से बाहर निकाला। इसके बाद घायल को एफआरवी वाहन के माध्यम से शासकीय अस्पताल कैलारस पहुँचाकर भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार शुरू किया गया। पुलिस की तत्परता के कारण घायल को समय रहते चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि डायल-112 सेवा केवल आपातकालीन कॉल रिस्पॉन्स तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की हर घड़ी में नागरिकों की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है। डायल-112 की हीरोज श्रृंखला में यह एक और प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है। हरि प्रसाद पाल / 16 जून, 2026