- पुलिस ने 25 कारें की बरामद - ग्रामीण इलाकों में कम कीमत में आरोपी बेच देता था कार भोपाल(ईएमएस)। अरेरा हिल्स पुलिस ने किराये की टैक्सियों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेचने के मामले में 25 कारें बरामद कर जब्त की है। मुख्य आरोपी शैलेंद्र जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि उसके कुछ सहयोगी अभी भी फरार है। उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ट्रैवल एजेंसियों से किराये पर कारें लेता था और बाद में उन्हें किसानों व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बाजार कीमत से कम दाम पर बेच देता था। वाहनों की बिक्री को वैध दर्शाने के लिए फर्जी अनुबंध और अन्य दस्तावेज तैयार किए जाते थे। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने 28 से अधिक कारें बेचने की बात स्वीकार की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वाहन नंबरों और दस्तावेजों के आधार पर जांच शुरू की थी। इसके बाद अलग-अलग जिलों और ग्रामीण इलाकों में अभियान चलाकर 25 वाहन बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि बरामद कारों की कानूनी स्थिति और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान उन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है जिन्होंने ये वाहन खरीदे थे। अधिकांश खरीदारों ने कम कीमत के लालच में कारें खरीदी थी और उन्हें पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि अभी और वाहन भी बरामद हो सकते है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है। जुनेद / 16 जून