* री-चेकिंग के लिए 18 से 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन का मौका, राज्य परीक्षा बोर्ड ने जारी किया पूरा कार्यक्रम गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात में कक्षा 11 और 12 के उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत बड़ी खबर सामने आई है। राज्य परीक्षा बोर्ड (एसईबी) ने शिक्षक अभिरुचि परीक्षा 2026 का आधिकारिक परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में राज्यभर से हजारों शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जिनका इंतजार अब समाप्त हो गया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष टीएटी परीक्षा के लिए कुल 1,65,024 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,47,584 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए, जबकि शेष उम्मीदवार विभिन्न कारणों से परीक्षा में अनुपस्थित रहे। राज्य परीक्षा बोर्ड ने परिणाम जारी करने के साथ ही अभ्यर्थियों को अपने प्राप्तांक की पुनः जांच (री-चेकिंग) कराने का अवसर भी दिया है। जिन उम्मीदवारों को अपने परिणाम या अंकों को लेकर कोई आपत्ति है, वे 18 जून 2026 से 30 जून 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा में निर्धारित कट-ऑफ अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों के लिए अब अगला चरण मुख्य परीक्षा का होगा। राज्य परीक्षा बोर्ड के कार्यक्रम के अनुसार, गुजराती माध्यम के अभ्यर्थियों के लिए टीएटी मुख्य परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने बताया कि मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र (हॉल टिकट), परीक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। शिक्षा विभाग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करने की अपील की है। सतीश/16 जून