16-Jun-2026


भोपाल (ईएमएस)। नगर निगम भोपाल द्वारा नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल गुणवत्ता परीक्षण, पाइप लाइन लीकेज सुधार और शिकायतों के त्वरित निराकरण का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को निगम के अमले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं झुग्गी बस्तियों से जल परीक्षण के लिए 110 नमूने एकत्र किए तथा 38 स्थानों पर पाइप लाइनों के लीकेज को दुरुस्त किया। महापौर श्रीमती मालती राय के निर्देश और निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के आदेश पर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमों ने शहरभर में जल गुणवत्ता की निगरानी की। एकत्र किए गए नमूनों की जांच नगर निगम की 8 परीक्षण शालाओं में कराई जा रही है। जांच के दौरान पानी की गंध, रंग, स्वाद, रेसिडुअल क्लोरीन, पीएच स्तर, टर्बिडिटी और बैक्टीरिया की उपस्थिति जैसे महत्वपूर्ण मानकों का परीक्षण किया जा रहा है। नगर निगम ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों में से 12 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण भी किया गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में जल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए पाइप लाइन लीकेज सुधार का कार्य लगातार जारी है। निगम के आंकड़ों के अनुसार अब तक झुग्गी बस्ती क्षेत्रों के 10,186 स्थानों सहित पूरे शहर से कुल 22,250 जल नमूनों की जांच की जा चुकी है। वहीं 6,294 पाइप लाइन लीकेजों को सुधारा गया है। इसके अलावा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अब तक 17,313 सीवेज चैंबरों की सफाई भी कराई जा चुकी है। नगर निगम ने नागरिकों से पेयजल संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी हेल्पलाइन के माध्यम से देने की अपील की है, ताकि उसका शीघ्र समाधान किया जा सके। हरि प्रसाद पाल / 16 जून, 2026