भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम भोपाल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों में नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। शिविरों के अंतिम दिन मंगलवार को प्राप्त 32,213 आवेदनों में से 31,960 आवेदनों का तत्काल निराकरण कर हितलाभ वितरित किया गया। नगर निगम मुख्यालय अटल भवन, सभी 21 जोन कार्यालयों तथा भोपाल उत्तर एवं गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित विशेष शिविरों में विभिन्न शासकीय योजनाओं और नागरिक सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। वार्ड क्रमांक-7 के बरेला गांव स्थित रसूल अहमद सिद्दीकी कम्युनिटी हॉल में आयोजित विशेष शिविर का महापौर श्रीमती मालती राय ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर हितग्राहियों से चर्चा की और योजनाओं के लाभ भी वितरित किए। वहीं बरखेड़ा पठानी स्थित अंबेडकर मांगलिक भवन में आयोजित शिविर में अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे, सहायक आयुक्त कीर्ति चौहान सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हितलाभ वितरण किया। शिविरों में पेंशन योजनाएं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, एनओसी, पीएम स्वनिधि, संबल कार्ड, श्रम कार्ड, मुख्यमंत्री अविवाहित पेंशन योजना, अनुग्रह सहायता योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, किसान क्रेडिट कार्ड तथा अन्य विभागीय सेवाओं से जुड़े आवेदन लिए गए। नगर निगम के अनुसार 12, 15 और 16 जून को आयोजित शिविरों में कुल 43,650 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 42,962 आवेदनों का त्वरित निराकरण कर लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है। शिविरों का निरीक्षण निगम और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया तथा नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 16 जून, 2026