ज़रा हटके
02-Feb-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। दुनिया में एक ऐसा देश है, जहां के पैसे इतने बेकार हैं कि लोग उन्हें गिनने के बजाय तराजू में तौलते हैं। इस देश का नाम सोमालीलैंड है, जो खुद को आजाद मानता है। लेकिन दुनिया इसे देश मानने को तैयार नहीं है। वायरल हो रहे इस वीडियो में करेंसी को लेकर बताया गया है जबकि वीडियो सही है या फेक इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। साल 1991 में जब सोमालिया गृहयुद्ध में डूब गया था, तब सोमालीलैंड ने खुद को अलग देश घोषित कर लिया। यह इलाका लगभग 1 लाख 37 हजार स्क्वैयर मीटर तक फैला है, जबकि यहां की आबादी करीब 40 लाख है। इस स्वघोषित देश को सबसे खास यहां की करेंसी बनाती है, जिसे लोग सब्जियों की तरह खरीदते हैं। पूरे सोमालिया की करेंसी सोमाली शिलिंग है, जहां 1 डॉलर लगभग 570 सोमाली शिलिंग के बराबर होती है। वहीं, सोमालीलैंड में 1 अमेरिकी डॉलर की कीमत 10 हजार से 11 हजार सोमालीलैंड शिलिंग के बराबर होती है। इस वजह से यहां के दुकानदार पैसों को गिनने की जगह तौलने पर भरोसा करते हैं। ऐसे में आप जाएंगे तो भारत के सौ रुपए के बदले लगभग आपको 12 हजार सोमालीलैंड शिलिंग मिलेंगे। उसके बाद ही वहां पर खरीदारी संभव है। वैसे आपको बता दें कि सोमालीलैंड ने खुद को भले ही देश घोषित कर लिया हो, लेकिन दुनिया की नजर में ये अभी भी सोमालिया का हिस्सा है। ज्यादातर देशों ने सोमालीलैंड को मान्यता नहीं दी है। सोमालिया की तरह ही यहां पर भी भूखमरी और बेरोजगारी चरम पर है। सोमालीलैंड के पड़ोसी देशों इथियोपिया और जिबूती के साथ-साथ बेल्जियम, कनाडा, फ्रांस, घाना, केन्या, नॉर्वे, रूस, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण सूडान, स्वीडन, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका और यमन के साथ राजनीतिक संपर्क हैं। बावजूद इसके सोमालीलैंड को स्वायत्त देश का दर्जा नहीं मिल सका है। सोशल मीडिया पर सोमालीलैंड के फैक्ट से जुड़ा यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। अब तक इस वीडियो 3 करोड़ 10 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं, लाखों लोगों ने इसे लाइक और शेयर किया है। इसके अलावा हजारों की संख्या में लोगों ने कमेंट किए हैं। कोई कमेंट में कह रहा है कि यूएन और बिल गेट्स इनकी मदद क्यों नहीं करते? तो किसी ने लिखा है कि यही वो देश है, जहां पर मेरे पैसों की सारी दिक्कतें खत्म हो जाएंगी। तो कोई इस देश को खतरनाक बतला रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस 02 फरवरी 2025